UPSC CAPF Success Story : झारखंड के बोकारो से ताल्लुक रखने वाले सौरभ कुमार ने UPSC CAPF 2024 परीक्षा में 139वीं रैंक हासिल कर पूरे राज्य का गौरव बढ़ाया है। आर्थिक और पारिवारिक चुनौतियों के बावजूद, उन्होंने ट्यूशन पढ़ाकर खुद का खर्च चलाया और मेहनत से अपनी तैयारी पूरी की।
संघर्ष से सफलता की ओर
सौरभ का जन्म बोकारो में हुआ, पढ़ाई रांची और दिल्ली में हुई। बीए (इकोनॉमिक्स और मैथ्स) के बाद दिल्ली में रहते हुए उन्होंने 10वीं तक के बच्चों को गणित का होम ट्यूशन दिया। पिता के निधन के बाद परिवार हजारीबाग शिफ्ट हो गया, लेकिन घर की जिम्मेदारियों और आर्थिक तंगी के बीच भी सौरभ ने UPSC CAPF जैसी कठिन परीक्षा की तैयारी नहीं छोड़ी।
UPSC CAPF इंटरव्यू में आत्मविश्वास
मॉक इंटरव्यू के दौरान सौरभ ने इकोनॉमिक्स से लेकर झारखंड की राजनीति, नक्सलवाद, बोकारो स्टील प्लांट, और थर्मल पावर प्लांट जैसे मुद्दों पर बेबाकी से अपने विचार रखे। उनके उत्तर संतुलित और प्रभावशाली रहे, जिससे उनके आत्मविश्वास और गहन तैयारी का पता चलता है।
SSB को क्यों चुना पहली पसंद?
सौरभ ने बताया कि CAPF की सभी फोर्सेज में से SSB उनकी पहली पसंद है। इसके पीछे कारण था उनका खुद का अनुभव—पहली बार अपने क्षेत्र में SSB को चुनाव ड्यूटी करते देखा था, साथ ही इंडो-नेपाल बॉर्डर का दौरा भी किया था। इससे उनका इस फोर्स से गहरा जुड़ाव बना।
प्रेरणा स्रोत
सौरभ की कहानी बताती है कि चाहे आर्थिक कठिनाइयां हों या पारिवारिक जिम्मेदारियां, मेहनत और आत्मविश्वास से हर चुनौती को पार किया जा सकता है। उनकी उपलब्धि आज के युवाओं के लिए एक प्रेरणा है कि सीमित संसाधन सपनों के रास्ते में बाधा नहीं बन सकते।